फॉण्ट कनवर्टर NEW

JPSC मेधा घोटाला: पलामू समेत कई जिलों में CID और पुलिस की छापेमारी, लैपटॉप और दस्तावेज जब्त

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा से जुड़े कथित मेधा घोटाले की जांच में बड़ा अपडेट आया है।

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा से जुड़े कथित मेधा घोटाले की जांच में बड़ा अपडेट आया है। इस मामले की जांच के तहत सोमवार को सीआईडी और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले में दो मुख्य आरोपितों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान लैपटॉप सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

सीआईडी की टीम ने पलामू जिले के मेदिनीनगर स्थित हमीदगंज (बीएन कॉलेज के समीप) में संतोष कुमार सिंह के आवास और उनके नौडीहा बाजार स्थित पैतृक घर पर गहन तलाशी ली। इसके साथ ही, दूसरे आरोपित रविशंकर कुमार के मेदिनीनगर (बारालोटा, हनुमान नगर) स्थित आवास पर भी कई घंटों तक सर्च अभियान चलाया गया। इस अभियान में सदर एसडीपीओ राजेश यादव, विश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीव मंडल और छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में भारी सुरक्षा के बीच कार्रवाई की गई।

पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि छापेमारी में बरामद सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और दस्तावेजों को फोरेंसिक व तकनीकी जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच के बाद मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, सीआईडी की जांच अब केवल परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं तक सीमित नहीं है। जांच एजेंसी कथित दलाल नेटवर्क, परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी टीडीपीएल (TDPL) से जुड़े लोगों और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। जब्त लैपटॉप और डिजिटल उपकरणों से इस पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।

Read More : टाटानगर और आरएमपीबी के बीच चलेगी परीक्षा स्पेशल ट्रेन, जानें पूरा शेड्यूल

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram