फॉण्ट कनवर्टर NEW

श्रावणी मेला 2026 में श्रद्धालुओं को बड़ी राहत, CCL ने शुरू किया निःशुल्क चिकित्सा शिविर

देवघर के दुम्मा में श्रावणी मेला-2026 के दौरान सीसीएल ने सीएसआर के तहत 30 जुलाई से 28 अगस्त तक निःशुल्क चिकित्सा शिविर शुरू किया, जहां कांवरियों और स्थानीय लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

अपनी भाषा में पढ़ें

Deoghar: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत देवघर के दुम्मा में श्रावणी मेला-2026 के अवसर पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया। इस शिविर का उद्घाटन सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने किया। शिविर का उद्देश्य बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले कांवरियों और स्थानीय ग्रामीणों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। यह शिविर 30 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक संचालित रहेगा।

पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ शुभारंभ

चिकित्सा शिविर का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के उपरांत निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने फीता काटकर चिकित्सा शिविर का औपचारिक उद्घाटन किया।

चिकित्सा सुविधाओं का लिया जायजा

उद्घाटन के बाद हर्ष नाथ मिश्र ने शिविर में उपलब्ध विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से शिविर की तैयारियों और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि श्रावणी मेला जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि सीसीएल हमेशा अपने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी जनकल्याण से जुड़े ऐसे कार्य लगातार जारी रखेगा।

श्रद्धालुओं के बीच फल और मिठाइयों का वितरण

कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं और उपस्थित अतिथियों के बीच फल एवं मिठाइयों का वितरण किया गया। इस अवसर पर गिरिडीह क्षेत्र के महाप्रबंधक, परियोजना पदाधिकारी, क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी, एरिया कंसल्टेटिव कमेटी (एसीसी) के सदस्य, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

समाज के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक

सीसीएल ने कहा कि श्रावणी मेला-2026 के दौरान आयोजित यह निःशुल्क चिकित्सा शिविर समाज के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का परिचायक है। इस पहल के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram