Khagaria: खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। फुलतोड़ा पुल के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही अलौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भानु प्रताप सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।
फुलतोड़ा पुल के पास बदमाशों ने मारी गोली
जानकारी के अनुसार, अलौली थाना क्षेत्र के फुलतोड़ा पुल के पास अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर पहुंचे, जहां युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
जंगली पटेल के रूप में हुई पहचान
मृतक की पहचान 30 वर्षीय जंगली पटेल के रूप में हुई है। वह पवन पटेल के पुत्र थे और ज्वालापुर वार्ड संख्या-23, पोस्ट मेघना, थाना अलौली के निवासी बताए गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, जंगली पटेल ज्वालापुर बस स्टैंड पर किरानी का काम करते थे।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही अलौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।





