Lucknow: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश, अति वर्षा और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशु हानि तथा आर्थिक नुकसान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं।
24 घंटे में मुआवजा देने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने अति वर्षा और आकाशीय बिजली से हुई क्षति का तत्काल आकलन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
इसके साथ ही अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और राहत कार्यों की नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि के दौरान नदियों और जलाशयों में स्नान करने से बचें तथा पूरी सावधानी बरतें।
कई जिलों में नदियों का जलस्तर बढ़ा
प्रदेश के कई जिलों में नदियों का जलस्तर चेतावनी के निशान से ऊपर पहुंच गया है। बागपत और गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। वहीं बदायूं में गंगा नदी चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही है।
इसके अलावा अयोध्या और बलिया में घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है, जबकि कुशीनगर में गंडक नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। प्रशासन इन क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।


