Nawada: नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के दरावां गांव में मूंग के खेत से एक व्यक्ति का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान संजय महतो के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में पूछताछ के बाद उनकी पत्नी मंजू देवी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद मंजू देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उनकी निशानदेही पर मूंग के खेत से संजय महतो का शव बरामद किया।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
मुंह से झाग निकलने की भी चर्चा
स्थानीय लोगों के अनुसार, संजय महतो मूल रूप से सीमावर्ती आढ़ा गांव के रहने वाले थे और बाद में दरावां गांव में बस गए थे। ग्रामीणों का कहना है कि घटना शनिवार की है, जबकि शव रविवार को बरामद हुआ। शव के मुंह से झाग निकलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सभी पहलुओं से जांच कर रही पुलिस
कौआकोल थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर विभिन्न आशंकाओं, जिनमें कथित प्रेम प्रसंग की चर्चा भी शामिल है, की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने से पहले किसी भी कारण की पुष्टि करना उचित नहीं होगा।




