चैनपुर (गुमला): -चैनपुर थाना क्षेत्र के बेन्दोरा गांव में शनिवार देर रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर स्थानीय किसानों और पशुपालकों को भारी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 1 बजे एक सूमो गोल्ड वाहन सहिंदर नायक के घर के पास आकर रुका। इसी दौरान चोरों ने बकरियों को वाहन में लादना शुरू कर दिया। बकरियों के चिल्लाने की आवाज सुनकर सहिंदर नायक की नींद खुली। उन्होंने तत्काल घर का दरवाजा खोलकर बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन तब तक चोर बकरियों को वाहन में लादकर तेज रफ्तार से फरार हो चुके थे।
पीड़ित सहिंदर नायक ने बताया कि उनके घर से 4 बकरियां चोरी हुई हैं। वहीं गांव की पचबनिया देवी के घर से 3 बकरियां और सोहन नायक के घर से 1 बकरी चोरी कर ली गई। इस तरह चोर कुल 8 बकरियां लेकर फरार हो गए।
ग्रामीणों का कहना है कि बेन्दोरा गांव में इस तरह की चोरी की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। पूर्व में भी पुलिस प्रशासन को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। लगातार हो रही पशुधन चोरी से किसानों और पशुपालकों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाकर गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।




