फॉण्ट कनवर्टर NEW

चीन के चोंगकिंग में भीषण भूस्खलन, 8 लोगों की मौत, 34 अब भी लापता

Beijing, China: चीन के चोंगकिंग में भूस्खलन की बड़ी घटना में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग अब भी लापता हैं। शुक्रवार सुबह स्थानीय समयानुसार करीब 9:10 बजे पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। इसके बाद भारी

अपनी भाषा में पढ़ें

Beijing, China: चीन के चोंगकिंग में भूस्खलन की बड़ी घटना में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग अब भी लापता हैं। शुक्रवार सुबह स्थानीय समयानुसार करीब 9:10 बजे पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। इसके बाद भारी मात्रा में चट्टानें और मलबा नीचे मौजूद रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों पर आ गिरा।

Read more: चीन की जूता फैक्ट्री में आग: 28 लोगों की मौ’त, मालिक हिरासत में, जांच जारी

हादसे में कई मकान मलबे में दब गए और सड़कें अवरुद्ध हो गईं, जिससे शुरुआती राहत कार्य प्रभावित हुए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू कर दिया।

800 से अधिक बचावकर्मी राहत कार्य में जुटे

राहत अभियान में 800 से अधिक बचावकर्मी, दमकलकर्मी और आपदा विशेषज्ञ तैनात किए गए हैं। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए आधुनिक उपकरणों, खुदाई मशीनों और अन्य खोज तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी के अनुसार अब तक 18 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है। इनमें से 8 लोगों की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

पहाड़ी अस्थिर, बचाव अभियान में बरती जा रही सावधानी

प्रशासन के मुताबिक, भूस्खलन वाला इलाका अत्यधिक ढलान और अस्थिर पहाड़ियों वाला है। विशेषज्ञों ने चट्टानों के दोबारा खिसकने की आशंका जताई है, इसलिए बचाव कार्य पूरी सावधानी के साथ किया जा रहा है। एहतियात के तौर पर आसपास के 1,100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रभावित क्षेत्र में बिजली, पानी और गैस की आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।

राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश

घटना के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने राहत और बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से लापता लोगों का जल्द पता लगाने, घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने और भूस्खलन के कारणों की विस्तृत जांच कराने को कहा है। राष्ट्रपति ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए संभावित भू-वैज्ञानिक खतरों की समय रहते पहचान कर आवश्यक कदम उठाने के भी निर्देश दिए हैं।

राहत के लिए 5 करोड़ युआन जारी

चीन के वित्त मंत्रालय और आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए 5 करोड़ युआन (करीब 73.6 लाख अमेरिकी डॉलर) की सहायता राशि जारी की है। यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब हाल के दिनों में चीन के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश दर्ज की गई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram