फॉण्ट कनवर्टर NEW

चाईबासा में वज्रपात का कहर: युवक की मौत, चार बच्चे घायल, युवती की हालत गंभीर

Chaibasa: चाईबासा में वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं ने सोमवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझगांव थाना क्षेत्र में तबाही मचा दी। तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि चार बच्चे घायल हो गए। वहीं,

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa: चाईबासा में वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं ने सोमवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझगांव थाना क्षेत्र में तबाही मचा दी। तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि चार बच्चे घायल हो गए। वहीं, दूसरी घटना में एक युवती गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका आईसीयू में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, मंझगांव के क्षेत्रीसाई गांव में दोपहर के समय तेज बारिश के दौरान 19 वर्षीय विक्की पिंगुवा अपने घर में चार बच्चों के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथ मौजूद अंजलि सिरका, आयुष सिरका, कृष्ण मुंडा और अंजू सिरका भी झुलस गए। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण सभी घायलों को तत्काल मंझगांव रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद विक्की पिंगुवा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल चारों बच्चों का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।

दूसरी घटना में युवती गंभीर रूप से झुलसी

इसी दिन मंझगांव के नीचे टोला में आकाशीय बिजली गिरने की एक और घटना हुई। इसमें 20 वर्षीय मंतारी पिंगुवा गंभीर रूप से झुलस गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस ने शुरू की कानूनी प्रक्रिया

घटना की सूचना मिलने पर मंझगांव थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद विक्की पिंगुवा के शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया।

प्रशासन ने जारी की सावधानी बरतने की अपील

एक ही दिन में वज्रपात की दो घटनाओं के बाद प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों के भीतर सुरक्षित रहने की अपील की है। साथ ही खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने बताया कि मृतक के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से निर्धारित मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram