अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna: पटना में दो कोचिंग संस्थानों के बीच हुए विवाद और फायरिंग मामले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान (खान सर) के दोनों निजी सुरक्षा गार्डों ने नियमों के विरुद्ध हथियारों का इस्तेमाल किया था। जांच में मिली अनियमितताओं के आधार पर पुलिस अब दोनों राइफलों के लाइसेंस निरस्त करने की सिफारिश संबंधित लाइसेंसिंग प्राधिकरण को भेजने की तैयारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, दोनों गार्डों के हथियारों की वैधता और लाइसेंस की जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। इसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जांच में सामने आईं लाइसेंस संबंधी अनियमितताएं
पुलिस जांच के मुताबिक, सुरक्षा गार्ड प्रदीप सिंह के पास मौजूद राइफल का लाइसेंस उत्तर प्रदेश में हथियार रखने और इस्तेमाल करने के लिए जारी किया गया था। इसके बावजूद उसने बिहार में उसी हथियार का इस्तेमाल किया, जो नियमों के विपरीत पाया गया।
वहीं दूसरे गार्ड तालेवर सिंह के मामले में जांच से पता चला कि जिस राइफल का इस्तेमाल किया गया, उसका लाइसेंस उसके पिता के नाम पर जारी था। ऐसे में तालेवर सिंह द्वारा उस हथियार का इस्तेमाल भी कानूनी प्रावधानों के अनुरूप नहीं पाया गया।
पुलिस का कहना है कि इन दोनों मामलों में संबंधित लाइसेंसिंग प्राधिकरण को रिपोर्ट भेजकर हथियारों के लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा की जाएगी।
फायरिंग के बाद शुरू हुई थी जांच
गौरतलब है कि 2 जून को पटना स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर पथराव और मारपीट की घटना हुई थी। इसी दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के नाम पर दोनों निजी सुरक्षा गार्डों ने फायरिंग की थी। घटना के बाद पुलिस ने दोनों हथियार जब्त कर लिए थे और उनके लाइसेंस तथा वैधता की जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान सामने आई अनियमितताओं के आधार पर अब पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फायरिंग मामले में गिरफ्तार दोनों गार्ड फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और जेल में बंद हैं। वहीं, इस मामले में फैजल खान (खान सर) की गिरफ्तारी पर अदालत ने फिलहाल रोक लगा रखी है।
यूपी और बिहार में भी हुई कार्रवाई
इस बीच, हाल ही में लखनऊ के अलीगंज इलाके में हुए अग्निकांड के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने खान ग्लोबल स्टडीज के बिहार और उत्तर प्रदेश स्थित कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान कई सुरक्षा संबंधी खामियां भी सामने आईं।
उत्तर प्रदेश में प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने मानकों का पालन नहीं करने पर सिविल लाइंस स्थित खान ग्लोबल क्लासेज को सील कर दिया। कार्रवाई से पहले कोचिंग में मौजूद छात्रों को बाहर निकाला गया और भवन को सील करने के बाद नोटिस भी चस्पा किया गया।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति सील तोड़ने या दोबारा कोचिंग का संचालन शुरू करने की स्थिति में संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

