अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
डुमरी (गुमला): प्रखंड अंतर्गत करनी पंचायत के चिरैया राजस्व गांव में स्थानीय खेल मैदान की समस्या को लेकर ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप मिंज मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव के खेल मैदान की बदहाल स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया और इसके शीघ्र समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव का खेल मैदान लंबे समय से खोदकर अधूरा छोड़ दिया गया है, जिसके कारण बच्चों और युवाओं को खेलकूद गतिविधियों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मैदान की असमतल स्थिति के कारण खेल प्रतियोगिताओं और नियमित अभ्यास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मैदान के समतलीकरण एवं विकास कार्य कराए जाने की मांग रखी। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के बाद कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप मिंज ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने खेल मैदान को समतल बनाने के लिए अपनी ओर से आर्थिक सहयोग प्रदान करने की घोषणा की। उनके इस सहयोगात्मक कदम का ग्रामीणों ने स्वागत किया और आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदीप मिंज ने कहा कि जनहित के कार्यों में वे हमेशा ग्रामीणों के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्या उनकी अपनी समस्या है और जनता के हित में वे सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी किसी प्रकार की समस्या या आवश्यकता होने पर वे बेझिझक उनसे संपर्क कर सकते हैं और हरसंभव सहयोग किया जाएगा। ग्रामीणों ने खेल मैदान के विकास के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर अध्यक्ष का धन्यवाद ज्ञापित किया और उम्मीद जताई कि मैदान के समतलीकरण से क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकेंगी।बैठक में कांग्रेस प्रखंड महासचिव फिरासत अली, अनूप एक्का, फूलदास महली, स्टीफन तिग्गा, नजरियूस तिग्गा, दिलीप टोप्पो, अशोक मटलिडा तिग्गा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

