फॉण्ट कनवर्टर NEW

नागाडीह मैदान में बड़ी वारदात की साजिश विफल, हथियार के साथ दो अपराधी गिरफ्तार

Jamshedpur: बागबेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर एक संभावित आपराधिक घटना को टाल दिया। नागाडीह मैदान के समीप छापेमारी कर पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक लोडेड देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur: बागबेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर एक संभावित आपराधिक घटना को टाल दिया। नागाडीह मैदान के समीप छापेमारी कर पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक लोडेड देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की गई है। इस संबंध में बागबेड़ा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Read more: 2017 के नागाडीह हत्याकांड में पांच दोषियों को आजीवन कारावास

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण एसपी शुभम खंडेवाल ने बताया कि रविवार देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नागाडीह मैदान के पास कुछ संदिग्ध लोग इकट्ठा होकर किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया और इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस टीम ने मौके से दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र के इच्छापुर निवासी मंगल टुडू उर्फ मंगल मांझी (46) और सुंदरनगर थाना क्षेत्र के केरवाडुंगरी निवासी समरेश रविदास उर्फ मिथुन (34) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने घटनास्थल से स्कूटी और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया है कि मंगल टुडू का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूटपाट, अवैध हथियार रखने और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें परसुडीह, आदित्यपुर, आरआईटी और गोविंदपुर थाना क्षेत्रों के कई मामले शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ से संकेत मिले हैं कि दोनों आरोपी किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। हालांकि, समय रहते पुलिस की कार्रवाई से उनकी योजना सफल नहीं हो सकी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे और आरोपियों का किसी संगठित अपराधी गिरोह से संबंध है या नहीं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram