अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
गुमला/रायडीह:-रायडीह थाना क्षेत्र के कासीर जामटोली गांव से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सात वर्षीय मासूम बच्चे की अज्ञात अपराधी द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हेमंत कुमार सिंह के पुत्र नवीन कुमार सिंह (7 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को नवीन के माता-पिता रोजाना की तरह खेत में काम करने गए थे। उस समय नवीन गांव के अन्य बच्चों के साथ घर के पास खेल रहा था। शाम करीब पांच बजे जब परिजन खेत से वापस घर लौटे तो नवीन घर पर नहीं मिला। बच्चे के अचानक लापता होने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद गांव के समीप स्थित जंगल में नवीन का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार, बच्चे के सिर के दाहिनी ओर, गर्दन, कमर और दाहिने हाथ पर गंभीर चोट के निशान थे। उसके सिर से खून भी बह रहा था। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात अपराधी ने बच्चे की हत्या करने के बाद शव को छिपाने की नीयत से जंगल में फेंक दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों ने मंगलवार को रायडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कांड संख्या 24/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 238 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी का भरोसा जताया है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने दोषी की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

