अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Koderma: जिले के कोडरमा थाना क्षेत्र स्थित कोडरमा घाटी के नौवां माइल पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिहार की ओर जा रहा लोहा लदा एक ट्रक तीखे मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें लदा लोहे का एंगल सड़क पर चारों तरफ बिखर गया।
हादसे के वक्त ट्रक में चालक समेत दो लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद एक व्यक्ति किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन चालक ट्रक के नीचे दब गया। यह दृश्य देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और चालक को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन भारी ट्रक और लोहे के बोझ के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने क्रेन मंगाकर पलटे हुए ट्रक को सीधा करवाया, जिसके बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
घायल चालक को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए सदर अस्पताल कोडरमा भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। चालक की पहचान बिहार के लखीसराय निवासी 35 वर्षीय राहुल कुमार, पिता रामबालक यादव के रूप में हुई है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

