अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रांची। धुर्वा थाना क्षेत्र से पशु क्रूरता का एक गंभीर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर पुलिस ने कुत्ते की निर्मम हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 जनवरी 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें धुर्वा थाना अंतर्गत साप्ताहिक बाजार में कुछ लोगों द्वारा एक कुत्ते को पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई। वीडियो के सामने आते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के तहत मामला दर्ज किया गया।
धुर्वा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस कांड में शामिल एक आरोपी दीप सिंह (उम्र करीब 20 वर्ष), पिता गुरुपाल सिंह, निवासी मौसीबाड़ी, जगन्नाथपुर, धुर्वा, रांची को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों को भी निरुद्ध किया है। मृत कुत्ते के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनके विरुद्ध अग्रिम अनुसंधान एवं छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पशुओं के साथ क्रूरता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। पशु प्रेमी संगठनों और आम नागरिकों ने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

