अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी आगामी आधिकारिक यूनाइटेड किंगडम यात्रा के दौरान 23 जनवरी को विश्वविख्यात ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में राज्य का विकास दृष्टिकोण अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे। शाम पांच बजे ऑक्सफोर्ड के ब्लावटनिक स्कूल ऑफ गवर्नमेंट में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री “आदिवासी बहुल, संसाधन-समृद्ध राज्य में टिकाऊ और हरित औद्योगीकरण, जिम्मेदार खनिज आधारित विनिर्माण तथा समावेशी निवेश-आधारित विकास” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे।
इस परिचर्चा में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय की सामाजिक मानवशास्त्र की प्रोफेसर और ऑल सोल्स कॉलेज की फेलो अल्पा शाह तथा ब्लावटनिक स्कूल ऑफ गवर्नमेंट की राजनीति और लोक नीति की प्रोफेसर माया ट्यूडर भी भाग लेंगी। चर्चा का केंद्र बिंदु होगा प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाते हुए विकास को आगे बढ़ाने की रणनीति।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन झारखंड के आदिवासी समाज, प्राकृतिक संसाधनों और औद्योगिक संभावनाओं के बीच संतुलन स्थापित करने वाले विकास मॉडल को वैश्विक विशेषज्ञों के सामने रखेंगे। यह कार्यक्रम न केवल झारखंड की नीतियों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाएगा, बल्कि राज्य में जिम्मेदार निवेश और हरित विकास के नए अवसर भी खोलेगा।

