अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Saraikela-Kharsawan News: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। ताज नगर बंधुगोड़ा प्राथमिक विद्यालय के समीप एक 14 वर्षीय किशोर का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अशर्फी कॉलोनी (रोड नंबर तीन) निवासी साबिर के रूप में हुई है। साबिर पिछले तीन दिनों से घर से लापता था, जिसकी तलाश में परिजन दर-दर भटक रहे थे। शनिवार सुबह जैसे ही उसका शव मिला, परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में दहशत फैल गई।
3 दिन पहले घर से निकला था साबिर; गुमशुदगी की रिपोर्ट भी थी दर्ज
परिजनों के अनुसार, साबिर तीन दिन पहले घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद जब उसका सुराग नहीं मिला, तो थक-हारकर परिजनों ने कपाली ओपी में उसकी गुमशुदगी की आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार सुबह जब स्थानीय लोग स्कूल की ओर गए, तो वहां झाड़ियों के पास एक किशोर का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे, जहाँ साबिर की शिनाख्त होते ही चीख-पुकार मच गई।
परिजनों का हत्या का आरोप; पुलिस को ऊंचाई से गिरने का अंदेशा
साबिर की मौत को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। परिजनों ने सीधे तौर पर इसे साजिशन हत्या करार दिया है। उनका कहना है कि साबिर की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी, उसे मार कर वहां फेंका गया है। परिजनों ने पुलिस से दोषियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। दूसरी ओर, पुलिस का प्रारंभिक अनुमान कुछ अलग है। मौके की स्थिति देख पुलिस को अंदेशा है कि किशोर की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण हो सकती है। हालांकि, कपाली पुलिस ने साफ किया है कि वे हर पहलू पर जांच कर रहे हैं।
पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह महज एक हादसा था या सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या। फिलहाल, पूरे अशर्फी कॉलोनी में मातम पसरा है और लोग पुलिसिया कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

