फॉण्ट कनवर्टर NEW

चाईबासा और चक्रधरपुर न्यायालय में लोक अदालत, 211 मामलों का त्वरित निपटारा

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चाईबासा के तत्वावधान में चाईबासा व्यवहार न्यायालय परिसर एवं चक्रधरपुर अनुमंडल न्यायालय में मासिक लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। इस लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन सहित विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों की सुनवाई करते हुए कुल

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa News:  पश्चिमी सिंहभूम जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चाईबासा के तत्वावधान में चाईबासा व्यवहार न्यायालय परिसर एवं चक्रधरपुर अनुमंडल न्यायालय में मासिक लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। इस लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन सहित विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों की सुनवाई करते हुए कुल 211 मामलों का निष्पादन किया गया, वहीं ₹5,48,491 की राशि का समायोजन भी किया गया।

झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मौहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में आयोजित इस मासिक लोक अदालत के लिए चाईबासा एवं चक्रधरपुर के न्यायालयों में कुल सात न्यायपीठों का गठन किया गया था। लोक अदालत के माध्यम से सुलहनीय मामलों का त्वरित एवं आपसी सहमति से निपटारा किया गया, जिससे पक्षकारों को समय और खर्च दोनों की बचत हुई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने बताया कि झालसा के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को मासिक लोक अदालत का आयोजन किया जाता है, जिसमें आमजन अपने विवादों के समाधान के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस अवसर पर विनोद कुमार सिंह, जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम, संतोष आनंद प्रसाद, जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय, रवि चौधरी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार, श्रीमती एंजिलिना नीलम मड़की, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी (वरीय कोटि), मंजीत कुमार साहू, रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी, श्रीमती पूजा पांडेय, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी तथा चक्रधरपुर अनुमंडल न्यायालय में कृष्णा लोहरा, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सहित पैनल अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

लोक अदालत के सफल आयोजन से न्यायालयों में लंबित मामलों के बोझ को कम करने में सहायता मिली और आम लोगों को सुलभ व त्वरित न्याय का लाभ प्राप्त हुआ। उपरोक्त जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव द्वारा दी गई।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram