फॉण्ट कनवर्टर NEW

मानगो थाना बना रणक्षेत्र, पुलिस से भिड़े दो गुट, 7 आरोपी गिरफ्तार

Jamshedpur News: मानगो थाना परिसर में 14 दिसंबर 2025 की रात हुए हिंसक विवाद के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह कार्रवाई मानगो थाना कांड संख्या 299/2025 के

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur News:  मानगो थाना परिसर में 14 दिसंबर 2025 की रात हुए हिंसक विवाद के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह कार्रवाई मानगो थाना कांड संख्या 299/2025 के तहत की गई है। पुलिस के अनुसार घटना ने थाना परिसर की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 दिसंबर की रात करीब 9:20 बजे मानगो निवासी रहमत सईद खान अपने 20–25 समर्थकों के साथ मानगो थाना पहुंचे थे और दूसरे पक्ष के इम्तियाज अहमद के खिलाफ थाना सिरिस्ता में बैठकर शिकायत लिख रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के इम्तियाज अहमद भी अपने समर्थकों के साथ थाना पहुंच गए। दोनों पक्ष आमने-सामने आते ही उग्र हो गए और एक-दूसरे पर जानलेवा हमला शुरू कर दिया।

थाना में मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने स्थिति को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष इतने उत्तेजित थे कि वे पुलिस से भी उलझ गए। इसके चलते थाना सिरिस्ता में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान सिरिस्ता कक्ष के सामान को नुकसान पहुंचाया गया, सरकारी फाइलें अस्त-व्यस्त हो गईं और सरकारी कार्य में गंभीर बाधा उत्पन्न हुई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हालात पर नियंत्रण पाया।

घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ थाना परिसर में तोड़-फोड़ करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में कुल 13 नामजद तथा 10–15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्तों में से सात लोगों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद शहनवाज हुसैन, मोहम्मद युनूस हुसैन उर्फ बब्लू, श्यान अहमद, साद शाईद खान, असलम शाईद खान, इम्तियाज अहमद और अबुजर अकील शामिल हैं। सभी को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे भी विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram