अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
घाघरा (गुमला): घाघरा थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक ही परिवार के पति-पत्नी और उनका तीन वर्षीय बच्चा शामिल है।
नवडीहा मोड़ पर ट्रक-बाइक की टक्कर
पहला हादसा नवडीहा मोड़ के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बॉक्साइट लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक मोटरसाइकिल से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार आशीष उरांव (42), उनकी पत्नी शांति देवी (25) और तीन वर्षीय पुत्र अभिमानी सड़क किनारे दूर जा गिरे।
हादसे के बाद ट्रक भी पलट गया। स्थानीय लोगों ने तीनों को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा पहुँचाया, जहाँ स्थिति नाजुक होने पर उन्हें गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
टोटाम्बी पुल के पास पैदल चल रहे दो लोग वाहन की चपेट में
दूसरी दुर्घटना टोटाम्बी पुल के पास हुई, जहाँ एक अज्ञात वाहन ने पैदल चल रहे दो व्यक्तियों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों की पहचान देर रात तक नहीं हो पाई थी।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर रविवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजने की तैयारी की है।


