अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा 9 से 16 अक्टूबर तक प्रस्तावित झारखंड तकनीकी विशिष्ट योग्यताधारी स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 को अचानक स्थगित कर दिए जाने पर छात्रों में गहरा आक्रोश है। आयोग ने परीक्षा स्थगित करने का कारण तकनीकी दिक्कतें बताया है, लेकिन इसे लेकर अभ्यर्थियों और संगठनों में नाराजगी बढ़ गई है।
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के उपाध्यक्ष देवेन्द्रनाथ महतो ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह निर्णय छात्रों के साथ खुला विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और आयोग की कार्यशैली से झारखंड के युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। कभी पेपर लीक के नाम पर तो कभी तकनीकी कारणों से परीक्षाएं रद्द की जाती हैं, जिससे युवाओं की मेहनत और उम्मीदें बार-बार टूट रही हैं।
महतो ने कहा कि यदि आयोग परीक्षा आयोजित करने में सक्षम नहीं है तो एडमिट कार्ड जारी करने की कोई जरूरत नहीं थी। हजारों छात्रों ने परीक्षा केंद्र तक पहुँचने के लिए होटल, लॉज और हॉस्टल बुकिंग करा ली थी, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक दोनों तरह से नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से मांग की कि परीक्षा जल्द से जल्द आयोजित की जाए और छात्रों के हित में यात्रा एवं आवास का खर्च सरकार वहन करे।

