अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Kodarma : रांची–पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कोडरमा घाटी में शनिवार देर रात एक छड़ लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा जमसोती नाला के पास स्थित तीखे मोड़ पर हुआ।
मृतक की पहचान राकेश महतो (30 वर्ष), पिता बुघन महतो, निवासी मोहदीनगर, समस्तीपुर (बिहार) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ट्रेलर बोकारो से छड़ लादकर पटना जा रहा था। रात करीब 10 बजे कोडरमा घाटी के मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। पलटने के दौरान राकेश महतो केबिन में बुरी तरह फंस गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर कोडरमा थाना पुलिस और पीसीआर वैन तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला और सदर अस्पताल कोडरमा भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को क्रेन की मदद से हटाया जा रहा है। मृतक के परिजन भी कोडरमा पहुंच चुके हैं, और शव उन्हें सौंपने की प्रक्रिया जारी है।
यह हादसा एक बार फिर कोडरमा घाटी की खतरनाक मोड़ों की ओर ध्यान खींचता है, जहां पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।

