अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur News: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बिरसा नगर जाहेर टोला में गुरुवार सुबह चार से पांच बदमाशों ने दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर रखा नकद और जेवरात गायब कर दिए।
इलाज के लिए रखे थे रुपये और जेवर
घर के मालिक विनोद कुमार ने बताया कि उनकी मां कैंसर से पीड़ित हैं और 5 अक्टूबर को उनका इलाज कराने के लिए शहर से बाहर जाने की योजना थी। इसी कारण उन्होंने अलमारी में 55 हजार रुपये नकद और करीब 60 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर सुरक्षित रखे थे। लेकिन बदमाशों ने सब पर हाथ साफ कर दिया। अनुमान है कि चोरी की कुल संपत्ति लगभग 1.15 लाख रुपये की है।
सीसीटीवी में कैद है पूरी वारदात
घटना के समय घर के सदस्य साकची बाजार गए हुए थे। दोपहर 12 बजे लौटे विनोद कुमार ने देखा कि मुख्य दरवाजा टूटा हुआ है और दोनों कमरे पूरी तरह बिखरे पड़े हैं। अलमारी खाली थी। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ नजर आ रहा है कि चार–पांच युवक घर में घुसे, ताला तोड़ा और अलमारी की तलाशी ली।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना प्रभारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया है और आरोपियों की पहचान की कोशिश तेज कर दी है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

