अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: झारखंड के विभिन्न जिलों में 1 से 4 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। विभाग ने बताया कि यह परिवर्तन उत्तरी अंडमान के समुद्री क्षेत्र में बने निम्न दबाव के कारण हो रहा है, जिसके चलते न केवल बारिश बल्कि 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
विशेष तौर पर दो अक्टूबर को राज्य के उत्तर पूर्वी जिलों जैसे देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज तथा मध्यवर्ती इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। साथ ही इन इलाकों में तेज गति की हवा और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। तीन अक्टूबर को भी कई जिलों में गर्जन के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं भारी बारिश होगी। चार अक्टूबर तक उत्तर पूर्वी और उत्तर-मध्य भागों में वर्षा के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे का मौसम
पिछले 24 घंटे में राज्य के पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला में सबसे अधिक 16.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अधिकतम तापमान सरायकेला में 33.5 डिग्री और लातेहार में सबसे कम 20.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री, जमशेदपुर में 31.3 डिग्री, डाल्टनगंज में 33.2 डिग्री, बोकारो में 32.2 डिग्री और चाईबासा में 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया
मौसम विभाग ने राज्य के नागरिकों और प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी है। भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने के कारण बाढ़ और अन्य आपात स्थितियों से बचाव के लिए तैयारी रखने की हिदायत दी गई है।
आम लोगों के लिए जरूरी है कि समाचार और विभागीय अपडेट्स पर नजर रखते हुए सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।

