जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र में ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित रोड नंबर 17 में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। खान कॉम्प्लेक्स में स्थित 99 शोरूम में रात करीब 2 बजे अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग पूरी बिल्डिंग में फैल गई।
आग बिल्डिंग के पार्किंग एरिया के साथ पहले और दूसरे तल्ले तक पहुंच गई। इस दौरान पार्किंग में खड़ी एक कार और एक बाइक जलकर राख हो गई। आग की तेज लपटें देखकर आसपास के लोग डर गए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
घटना की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, दमकल विभाग को भी आग लगने की जानकारी दी गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब 45 मिनट बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। लोगों का कहना है कि दमकल के देर से पहुंचने के कारण आग तेजी से फैल गई।
दमकल कर्मियों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
अगलगी में करीब 10 लाख रुपये का नुकसान
शोरूम के मालिक इम्तियाज ने बताया कि इस घटना में करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।




