Dhanbad : धनबाद पुलिस ने साइबर अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकमोड़ थाना क्षेत्र स्थित द होटल कैसल में छापेमारी कर नौ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹5,80,700 नकद, 17 मोबाइल फोन, 23 बैंक एटीएम कार्ड, एक एप्पल आईपैड और एक डेल लैपटॉप बरामद किया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सोमवार की शाम होटल में छापेमारी की। होटल के एक कमरे से नौ युवक संदिग्ध अवस्था में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ पकड़े गए। पूछताछ में पता चला कि सभी आरोपी फर्जी बैंक खातों और एपीके फाइल (APK File) का उपयोग कर साइबर ठगी करते थे।
जांच में यह भी सामने आया कि ये अपराधी ऐसे ऐप का इस्तेमाल करते थे जो बैंक ट्रांजैक्शन से संबंधित ओटीपी (OTP) को ऑटो-फॉरवर्ड कर देता था। इससे वे पीड़ितों के खातों से पैसे निकालने में सफल हो जाते थे।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि ठगी से प्राप्त रकम को यूएसडीटी (USDT) क्रिप्टो करेंसी में बदलकर हवाला नेटवर्क के जरिए देश के विभिन्न हिस्सों में भेजा जाता था। हवाला एजेंट इन पैसों को अलग-अलग डमी खातों में ट्रांसफर कर स्थानीय स्तर पर नकद के रूप में निकालते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े एजेंटों और ठिकानों की पहचान कर रही है।
बरामद मोबाइल, लैपटॉप और एटीएम कार्ड की जांच में ऐसे कई बैंक खातों के फोटो और दस्तावेज मिले हैं जिन पर पहले से एनसीआरपी (NCRP) और JMIS पोर्टल पर साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कुमार विशाल सिंह (पाथलडीह, धनबाद), अर्नव कुमार रॉय (हावड़ा, पश्चिम बंगाल), सुमित कुमार (पाथलडीह), रिजवान खान (चास, बोकारो), राहुल कुमार रॉय (स्वारडीह, धनबाद), विशाल कुमार (नोनिया पट्टी, धनबाद), मोहम्मद आसिफ (सुल्तान नगर, बोकारो), मोहम्मद मोबस्सिर आलम (कमरमकदुमी रोड, धनबाद) और राजकुमार सिंह (कैलाश नगर, बोकारो) के रूप में हुई है।
SSP ने बताया कि बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर पूरे हवाला और साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि आम नागरिक सुरक्षित रहें और अपराधियों को कड़ी सजा मिले।



