त्रिशूर। केरल के त्रिशूर जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कैपामंगलम इलाके में NH-66 पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी मालवाहक लॉरी से टकरा गई। हादसे में कार सवार तमिलनाडु के एक इंजीनियरिंग कॉलेज के आठ छात्रों की मौत हो गई।
हादसा रात करीब 11:42 बजे पनम्बिक्कुन्नू सेंटर के पास हुआ। सभी छात्र तमिलनाडु के डिंडीगुल स्थित PSNA कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के बताए जा रहे हैं। उनकी उम्र करीब 20 वर्ष थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्र छुट्टियां बिताने के लिए केरल आए थे।
कार काटकर निकाले गए शव
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा लॉरी के नीचे घुस गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शवों को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई। बचाव दल ने कटर की मदद से कार का मलबा काटकर शवों को बाहर निकाला।
मृतकों में पांच की पहचान विश्वा, सूर्या, युवा संजीत, संतोष और प्रसन्ना के रूप में हुई है। पुलिस बाकी तीन छात्रों की पहचान करने में जुटी है। हादसे की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।
सड़क पर लाइट और साइनबोर्ड नहीं होने का आरोप
स्थानीय लोगों ने NH-66 पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि निर्माण के कारण ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है, लेकिन सड़क पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट और चेतावनी साइनबोर्ड नहीं लगाए गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात में बाहर से आने वाले चालकों को रास्ता समझने में परेशानी होती है और इससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
पुलिस और मोटर वाहन विभाग की टीम हादसे की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए त्रिशूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।




