फॉण्ट कनवर्टर NEW

झारखंड के 8 जिलों को स्वास्थ्य योजनाओं के लिए मिले 16 करोड़, मुफ्त कैंसर जांच पर जोर

झारखंड सरकार ने गंभीर बीमारियों के इलाज और कैंसर जांच के लिए राज्य के 8 जिलों को 16 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि दी है। यह पैसा वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वास्थ्य योजनाओं पर खर्च किया जाएगा।

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: झारखंड सरकार ने गंभीर बीमारियों के इलाज और कैंसर जांच के लिए राज्य के 8 जिलों को 16 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि दी है। यह पैसा वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वास्थ्य योजनाओं पर खर्च किया जाएगा।

इस राशि का इस्तेमाल तीन प्रमुख योजनाओं में होगा। इनमें मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क डायग्नोस्टिक एवं रेडियोलॉजी जांच योजना और मुख्यमंत्री निःशुल्क सर्वाइकल एवं ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग योजना शामिल हैं।

गंभीर बीमारी के इलाज में मिलेगी मदद

मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत ऐसे मरीजों को आर्थिक मदद दी जाएगी, जिनकी पिछले तीन वर्षों की लगातार वार्षिक आय 8 लाख रुपये से कम है। पात्र मरीजों को गंभीर बीमारी के इलाज के लिए सरकार की ओर से सहायता मिलेगी।

जिलों को मिला इतना पैसा

  • गिरिडीह: 3 करोड़ रुपये
  • जामताड़ा: 3 करोड़ रुपये
  • चतरा: 2 करोड़ रुपये
  • धनबाद: 2 करोड़ रुपये
  • रांची: 2 करोड़ रुपये
  • पूर्वी सिंहभूम: 1.50 करोड़ रुपये
  • सरायकेला-खरसावां: 1.50 करोड़ रुपये
  • साहिबगंज: 1 करोड़ रुपये

मुफ्त कैंसर जांच पर जोर

सरकार इस राशि से सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर की मुफ्त जांच को बढ़ावा देगी। इसके साथ ही मरीजों को मुफ्त डायग्नोस्टिक और रेडियोलॉजी जांच की सुविधा भी दी जाएगी।

हर महीने देना होगा खर्च का हिसाब

सरकार ने राशि के सही इस्तेमाल के लिए जिलों के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की है। संबंधित जिलों के सिविल सर्जन राशि की निकासी और उसके उपयोग के लिए जिम्मेदार होंगे।

सभी 8 जिलों को हर महीने खर्च का उपयोगिता प्रमाण-पत्र स्वास्थ्य विभाग को देना होगा। यह प्रमाण-पत्र हर महीने की 7 तारीख तक जमा करना जरूरी होगा। इसके बाद ही आगे की राशि खर्च करने की अनुमति दी जाएगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram