अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : चुटिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्टेशन रोड स्थित पटेल चौक के पास से करीब 70 पुड़िया गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान अयोध्यापुरी, चुटिया निवासी अंकित कुमार दत्ता के रूप में की गई है।
सूत्रों के अनुसार, एसएसपी को सूचना मिली थी कि पटेल चौक के पास एक गुमटी में गांजा और ब्राउन शुगर की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सिटी डीएसपी के.वी. रमन और चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित छापेमारी की कार्रवाई की और मौके से आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस अब यह जांच में जुटी है कि आरोपी नशे के इस कारोबार में अकेला काम करता था या किसी बड़े गिरोह से जुड़ा हुआ है। आसपास के क्षेत्र में भी पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

