फॉण्ट कनवर्टर NEW

50 हजार का इनामी गैंगस्टर उत्तम यादव पुलिस एनकाउंटर में मारा गया

Chatra : झारखंड-बिहार की पुलिस के लिए सिरदर्द बने कुख्यात गैंगस्टर उत्तम यादव को शनिवार को पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया गया। बिहार पुलिस की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित यह अपराधी चतरा जिले के बगरा-जबरा इलाके में मुठभेड़ के दौरान ढेर

अपनी भाषा में पढ़ें

Chatra : झारखंड-बिहार की पुलिस के लिए सिरदर्द बने कुख्यात गैंगस्टर उत्तम यादव को शनिवार को पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया गया। बिहार पुलिस की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित यह अपराधी चतरा जिले के बगरा-जबरा इलाके में मुठभेड़ के दौरान ढेर हुआ।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, उत्तम यादव चतरा शहर के सुरही मुहल्ला का रहने वाला था। शनिवार को वह लातेहार के बालूमाथ से अपाचे बाइक पर अपने सहयोगी के साथ चतरा की ओर आ रहा था। हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन को उसकी गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद चतरा और हजारीबाग पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस ने बालूमाथ से ही उत्तम यादव का पीछा शुरू कर दिया।

रास्ते में बगरा-जबरा के पास पुलिस ने बाइक को रोकने का प्रयास किया, तो बाइक में पीछे बैठे उसके साथी ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में पुलिस की स्कॉर्पियो गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इस मुठभेड़ में उत्तम यादव को पैर, कमर और छाती में गोली लगी। उसे घायल अवस्था में चतरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मौके से उत्तम यादव के पास से हथियार और कुछ कारतूस भी बरामद किए हैं। उसके सहयोगी की तलाश जारी है, जो गोलीबारी के दौरान फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि उत्तम यादव ने हाल ही में हजारीबाग शहर के एक ज्वेलर्स शॉप में अपने गुर्गों से गोलीबारी कराई थी। इस घटना के बाद उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर हमले की जिम्मेदारी ली थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने उसके गिरोह के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया था और लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।

पुलिस रिकार्ड के मुताबिक, उत्तम यादव पर झारखंड और बिहार के विभिन्न जिलों में हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज थे। वह “टाइगर गैंग” नामक गिरोह चलाता था, जो अवैध वसूली और हथियारबाजी के लिए कुख्यात था।

हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि लंबे समय से उत्तम यादव की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई थी। शनिवार को मिली पुख्ता सूचना पर संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस को सफलता मिली।

चतरा एसपी ने कहा कि यह मुठभेड़ पुलिस के साहस और सूझबूझ का परिणाम है। उन्होंने साफ किया कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि उत्तम यादव और उसके गिरोह के कारण इलाके में दहशत का माहौल था। पुलिस ने जनता से अपील की है कि अपराधियों की सूचना तुरंत दें, ताकि समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सके।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram