रांची: झारखंड के विकास को नई दिशा देने और राज्य के भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा के लिए सोमवार को रांची में बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है। प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस कमिटी की ओर से बीएनआर चाणक्य होटल में शाम 4 बजे ‘झारखंड थिंक फ्यूचर’ कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा। इसमें राज्य के अलग-अलग हिस्सों से करीब 250 प्रोफेशनल्स और विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।
कॉन्क्लेव में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और विकास जैसे अहम मुद्दों पर विशेषज्ञ अपनी राय और अनुभव साझा करेंगे। आयोजकों का कहना है कि इस मंच के जरिए झारखंड के लिए नए विचारों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।
विशेषज्ञों के सुझावों से बनेगा विकास का रोडमैप
प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस के संयोजक और प्रदेश कांग्रेस महासचिव आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि राज्य के विकास के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे विशेषज्ञों को साथ लाना जरूरी है। उनके अनुभव और सुझाव झारखंड के लिए बेहतर योजनाएं तैयार करने में मदद कर सकते हैं।
कांग्रेस के कई नेता रहेंगे मौजूद
कॉन्क्लेव में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू मुख्य अतिथि होंगे। बिग बॉस फेम और अधिवक्ता कोनिका सदानंद गेस्ट ऑफ ऑनर के तौर पर शामिल होंगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, राजेश कच्छप समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। कांग्रेस कोटे के मंत्रियों दीपिका पांडे सिंह, डॉ. इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की और राधाकृष्ण किशोर को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।
तैयारियां पूरी, छऊ नृत्य से होगा स्वागत
कार्यक्रम को लेकर रविवार को बीएनआर चाणक्य होटल में प्रोफेशनल कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई। इसमें तैयारियों की समीक्षा कर अंतिम रूप दिया गया। मेहमानों के स्वागत के लिए छऊ नृत्य की विशेष प्रस्तुति रखी गई है।
आयोजकों ने शहर के प्रमुख स्थानों पर तोरण द्वार और स्टैंडी भी लगाए हैं। गेस्ट ऑफ ऑनर कोनिका सदानंद रविवार को मुंबई से रांची पहुंचीं, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
आयोजकों के अनुसार, यह कॉन्क्लेव झारखंड के विकास और भविष्य को लेकर विशेषज्ञों के विचारों को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।




