रांची : रांची से दिल में जन्मजात छेद की बीमारी से जूझ रहे 20 बच्चों को सोमवार को इलाज के लिए कोच्चि भेजा गया। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग की पहल पर इन बच्चों का अमृता अस्पताल में मुफ्त इलाज और हृदय की सर्जरी कराई जाएगी।
इन बच्चों के परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और महंगे इलाज का खर्च उठाने में सक्षम नहीं हैं। परिजनों के अनुसार, हृदय की सर्जरी में करीब 4 से 5 लाख रुपये तक का खर्च आता है। सरकार की इस पहल से परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि पैसे की कमी के कारण किसी गरीब बच्चे का इलाज नहीं रुकना चाहिए। सरकार बच्चों के इलाज का पूरा खर्च उठाएगी। इसमें जांच, ऑपरेशन, दवा, अस्पताल में रहने-खाने और जरूरी यात्रा का खर्च शामिल है।
स्वास्थ्य विभाग ने अमृता अस्पताल के सहयोग से करीब 100 बच्चों के इलाज का लक्ष्य रखा है। पहले चरण में 20 बच्चों को कोच्चि भेजा गया है। इससे पहले भी विभाग की मदद से कई बच्चों का मुफ्त हृदय ऑपरेशन कराया जा चुका है।
बच्चों की पहचान से लेकर इलाज तक में आरबीएसके की टीम सहयोग कर रही है। ऑपरेशन के बाद बच्चों के फॉलो-अप और घर वापसी तक स्वास्थ्य विभाग निगरानी करेगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 8 सितंबर को 15 और 21 सितंबर को 25 बच्चों को भी डॉक्टरों की टीम के साथ कोच्चि भेजा जाएगा। वहां इन बच्चों का इलाज और हृदय की सर्जरी कराई जाएगी।
बच्चों को रांची रेलवे स्टेशन से कोच्चि रवाना किया गया। इस दौरान रेलवे अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




