रांची। हिंदी साहित्य भारती, झारखंड और पंडित राजकुमार शुक्ल फाउंडेशन की ओर से 23 अगस्त को रांची प्रेस क्लब में पंडित राजकुमार शुक्ल की 151वीं जयंती मनाई जाएगी। समारोह सुबह 10 बजे शुरू होगा।
फाउंडेशन के अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि पंडित राजकुमार शुक्ल चंपारण सत्याग्रह के प्रमुख प्रेरणास्रोत और महान स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने चंपारण के किसानों के शोषण के खिलाफ आवाज उठाई और महात्मा गांधी को चंपारण आने के लिए लगातार प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि शुक्ल का संघर्ष किसानों के अधिकारों और देश की आजादी के लिए महत्वपूर्ण रहा। उनकी जयंती का आयोजन पिछले 15 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को उनके योगदान और संघर्ष से परिचित कराना है।
समारोह में साहित्यकार, इतिहासकार, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, पत्रकार और अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे। इस दौरान पंडित राजकुमार शुक्ल के जीवन और योगदान पर चर्चा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। अजय राय ने लोगों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।




