Palamu : दिल्ली में 10 से 12 अक्टूबर तक आयोजित नौवीं नेशनल गतका चैम्पियनशिप में भाग लेने के लिए पलामू गतका संघ के 14 खिलाड़ी बुधवार को डालटनगंज रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना हुए। यह प्रतियोगिता श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित है और श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज, नॉर्थ कैंपस, दिल्ली में आयोजित की जाएगी।

खिलाड़ियों को स्टेशन परिसर में पहुंचकर पलामू गतका संघ के जिला अध्यक्ष सोनू नामधारी, उपाध्यक्ष गुरबीर सिंह, बबलू चावला, मन्नत बग्गा, कोषाध्यक्ष अमरेश कुमार मेहता, सह सचिव दीपेंद्र सिंह और गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल के शारीरिक शिक्षक अनिल पांडे ने रवाना किया।

जिला अध्यक्ष सोनू ने कहा कि पलामू के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर अपनी क्षमता साबित की है। उन्हें पूरा विश्वास है कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में भी वे जिले का नाम रौशन करेंगे।

जिला सचिव सुमित बर्मन ने बताया कि सभी 14 खिलाड़ी सब-जूनियर और जूनियर वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार पलामू के लिए यह गर्व का विषय है क्योंकि उनका स्वयं का चयन नेशनल रेफरी के रूप में हुआ है। वे झारखंड से इस उपलब्धि को प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति हैं।

खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए अधिकारी और खेल प्रेमियों ने उनकी जीत की कामना की और कहा कि वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जिले का मान बढ़ाएंगे।

Share.
Exit mobile version