रांची: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में जेल अदालत और विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची की ओर से किया गया।
जेल अदालत में 15 न्यायिक पीठों ने मामलों की सुनवाई की। विभिन्न अदालतों में लंबित 49 बंदियों के मामले सुनवाई के लिए रखे गए थे। इनमें से 10 बंदियों के मामलों का निष्पादन कर उन्हें रिहाई का लाभ दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान जेल में बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने कमियां मिलने पर उन्हें दूर करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बंदियों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। उन्हें नालसा और झालसा की योजनाओं तथा मुफ्त कानूनी सहायता के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कई न्यायिक अधिकारी, जेल प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




