फॉण्ट कनवर्टर NEW

फिर बढ़ा हाथियों का आतंक: लोहरदगा में युवक पर जानलेवा हमला, हाथ टूटा

कुडू- लोहरदगा : लोहरदगा-लातेहार जिले के सीमावर्ती इलाकों में जंगली हाथियों का आतंक एक बार फिर लोगों की नींद उड़ाए हुए है। करीब डेढ़ दर्जन हाथियों का झुंड क्षेत्र में विचरण कर रहा है, जिससे आसपास के लगभग दो दर्जन गांवों के लोग दहशत में

अपनी भाषा में पढ़ें

कुडू- लोहरदगा : लोहरदगा-लातेहार जिले के सीमावर्ती इलाकों में जंगली हाथियों का आतंक एक बार फिर लोगों की नींद उड़ाए हुए है। करीब डेढ़ दर्जन हाथियों का झुंड क्षेत्र में विचरण कर रहा है, जिससे आसपास के लगभग दो दर्जन गांवों के लोग दहशत में हैं। बताया जा रहा है कि फिलहाल हाथियों का झुंड बरवाटोली सीमा क्षेत्र में डेरा जमाए हुए है। शुक्रवार रात चंदवा थाना क्षेत्र के ग्राम बेलगा के बांसदोइन टोला निवासी बालचंद गंझु हाथियों के अचानक हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार झाड़ियों में छिपे हाथी अचानक बाहर निकले और गांव वालों पर हमला कर दिया। इसी दौरान एक हाथी ने बालचंद को सूंड में उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उसका दाहिना हाथ टूट गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। संयोगवश झाड़ियों में गिर जाने से उसकी जान बच सकी।
*अब तक कई की मौत, दर्जनों घायल।*

क्षेत्र में हाथी-मानव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब तक दर्जनों लोग और पशुओं की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हाथी हमले में चडरा गांव के महावीर उरांव, ग्राम तान के उमेश उरांव, कुडू हमीद नगर के शौकीन अंसारी, कैरो के इरफान अंसारी, जोजरो पतरा के पंचम उरांव तथा होन्हे लुरगी गांव के छोटन मुंडा की मौत हो चुकी है। वहीं बरवाटोली जंगल में विनोद टाना भगत, बढ़मारा घाटीटोली के किसान दशरथ उरांव और सुकुरहुटू पतरा की एक महिला गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके अलावा बढ़मारा गांव में सुरेंद्र यादव की गाय को भी हाथी ने कुचलकर मार डाला। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय के साथ आक्रोश भी व्याप्त है। लोगों ने हाथी प्रभावित इलाकों में ठोस सुरक्षा व्यवस्था करने और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram