भरनो। भरनो थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए खलबी टोली तालाब के पास से 24 वर्षीय युवक सारू टाना भगत को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की है। पुलिस के अनुसार युवक अवैध हथियार लेकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक हथियार लेकर खलबी टोली तालाब के आसपास घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को जानकारी दी। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
टीम में इंस्पेक्टर विनय कुमार और भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह सहित पुलिस जवान शामिल थे। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध युवक की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने सारू टाना भगत को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद हुई।
पुलिस ने हथियार और गोली को जब्त करते हुए आरोपी को थाना लाया। इसके बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध हथियार रखने और उसके संभावित इस्तेमाल को लेकर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध हथियार रखने वालों में हड़कंप मचा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।




